अंबिकापुर | सरगुजा जिले की शिक्षिका विभा चौबे ने अपने ज्ञान और आत्मविश्वास के दम पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। विभा देश के सबसे प्रतिष्ठित शो कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट तक पहुंचने वाली सरगुजा की पहली महिला बन गई हैं। विभा चौबे 31 दिसंबर और 1 जनवरी को महानायक अमिताभ बच्चन के सामने सवालों का सामना करती दिखाई देंगी। प्रोमो सामने आते ही सरगुजा जिले के लोगों में उत्साह है। विभा चौबे वर्तमान में दरिमा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं और वर्षों से छात्राओं को शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही हैं। उनकी सफलता में परिवार का सहयोग भी अहम रहा। पति प्रमेंद्र चौबे मैनपाट मिडिल स्कूल में प्राचार्य हैं।


