गणतंत्र दिवस पर सोमवार को अंबिकापुर के वाटर पार्क में युवाओं के बीच जमकर मारपीट हुई, वहीं एक युवक के चक्कर में युवतियां आमस में भिड़ गईं। वाटर पार्क में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। मारपीट की सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस टीम वाटर पार्क पहुंची। मंगलवार शाम तक किसी भी मामले की एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गणतंत्र दिवस के दिन पिकनिक स्पॉटों में युवकों की खासी भीड़ रही। अंबिकापुर के वाटर पार्क, संजय पार्क, सेनेटरी पार्क में युवाओं की भीड़ उमड़ी। भीड़ के बीच वाटर पार्क में युवक-युवतियों के कई गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट की घटनाओं का वीडियो रिकार्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड किए गए हैं। मारपीट की आधा दर्जन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। युवतियां आपस में भिड़ीं, युवकों के बीच मारपीट
वाटर पार्क में दो युवतियां आपस में भिड़ गईं। बताया गया है कि दोनों युवतियों के बीच एक युवक से बात करने को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में गाली-गलौज एवं मारपीट तक पहुंच गया। दोनों को साथियों ने अलग किया। मारपीट के मामले में शिकायत थाने नहीं पहुंची है। वहीं अन्य वीडियो में युवकों का गुट अन्य युवकों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। एक युवक के कपड़े उतारकर उसे जमीन में गिराकर युवकों ने जमकर पीटा। दूसरे लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। एक अन्य युवक के साथ भी जमकर मारपीट की गई। दो युवकों के गुट भी आपस में भिड़ते नजर आए। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस
वाटरपार्क में मारपीट एवं हंगामे की सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कुछ विवादों को शांत कराया। हालांकि मारपीट एवं विवाद की शिकायत थाने में नहीं पहुंची है।


