सीकर के नीमकाथाना में बिजनेसमैन से 5 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में सीकर पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग के 2 गुर्गों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। आज शाम को सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके खुलासा किया। एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि मामले में 2 आरोपी रघुराज सिंह(27) उर्फ पम्मी पुत्र शंकर सिंह शेखावत निवासी नीमकाथाना और प्रविंद्र सिंह(20) उर्फ सन्नी पुत्र कृष्ण सिंह निवासी बंधा की ढाणी को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए गए हैं। करीब एक महीने पहले नीमकाथाना के बिजनेसमैन और लोकल पॉलिटिशियन के पास वॉट्सऐप पर दो-तीन बार इंटरनेशनल नंबरों से कॉल आया। लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद वॉट्सऐप पर इंटरनेशनल नंबरों से वॉयस मैसेज आया। जिसमें कहा गया कि मैं रोहित गोदारा गैंग से राहुल रिनाउ बोल रहा हूं,5 करोड़ रुपए दे दो नहीं तो मैं आपको और आपके पूरे परिवार को जान से मार दूंगा… इसके बाद एक बार फिर 5 करोड़ की फिरौती देने की बात कही गई। नीमकाथाना कोतवाली SHO विजेंद्र सिंह ने मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू किया। नीमकाथाना कोतवाली पुलिस और डीएसटी टीम के पुलिसकर्मियों की एक जॉइंट टीम बनाई गई। धमकी के इसी तरह के पुराने मामलों के आधार पर पुलिस टीम ने अपने लोकल ह्यूमन इंटेलिजेंस नेटवर्क को तैयार किया। डीएसटी टीम के हैड कॉन्स्टेबल बनवारी लाल,हैड कॉन्स्टेबल विकास,कॉन्स्टेबल हरीश और नीमकाथाना कोतवाली पुलिस के कॉन्स्टेबल अशोक ने कई संदिग्ध लोगों पर नजर रखी। टीम को क्लू मिला कि रघुराज और प्रविंद्र की लाइफस्टाइल में पिछले कुछ महीनों से बदलाव आया है। दोनों महंगे मोबाइल यूज करना,लग्जरी लाइफ जीने लगे थे। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो सामने आया कि इन्होंने ही कारोबारी के नंबर रोहित गोदारा गैंग तक पहुंचाए थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके उनके मोबाइल भी जब्त कर लिए। आरोपी रघुराज खुद को तथाकथित पत्रकार बताता था। अब पुलिस इन दोनों आरोपियों से इनके अन्य सहयोगियों और गैंग के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी कई अन्य कारोबारी और हाई प्रोफाइल लोगों के नंबर गैंग तक पहुंचा चुके हैं। बता दें कि पिछले करीब डेढ़ साल में फतेहपुर,नीमकाथाना,सदर सीकर,खाटूश्यामजी में करीब एक दर्जन से ज्यादा हाई प्रोफाइल लोगों और बिजनेसमैन को रोहित गोदारा और लॉरेंस गैंग की धमकियां मिल चुकी है। इनमें खाटूश्यामजी इलाके में मिली धमकियों के मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अन्य मामलों में पुलिस ने लोकल गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया। मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें : रोहित गोदारा गैंग ने मांगी 5 करोड़ की फिरौती:नीमकाथाना के पूर्व पालिका अध्यक्ष त्रिलोक दीवान को परिवार सहित जान से मारने की धमकी नीमकाथाना नगर पालिका के पूर्व पालिका अध्यक्ष व शहर के बड़े उद्योगपति त्रिलोक चंद दीवान को रोहित गोदारा गैंग ने 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। उद्योगपति के फोन पर इंटरनेशनल नंबर से धमकी भरा वॉयस मैसेज आया है।(पूरी खबर पढ़ें)


