सरगुजा भाजयुमो ने फूंका सोनिया गांधी व राहुल का पुतला:कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस कार्यालय का घेराव टाला

सरगुजा भाजयुमो ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी का पुतला फूंका। नेशनल हेराल्ड के 2 हजार करोड़ रुपए के कथित घोटाले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी का नाम ईडी की चार्जशीट में शामिल किया गया है। भाजयुमो ने दोनों नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। भाजयुमो ने कांग्रेस कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम टाल दिया। कांग्रेस अध्यक्ष एवं नेता कार्यालय में गुड़ एवं पानी लेकर पहुंच गए थे। नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की चार्जशीट के बाद कांग्रेस ने देशभर में प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार और ईडी का पुतला फूंका था। वहीं आज भाजपा के आह्वान पर भाजयुमो ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। अंबिकापुर के कलेक्टोरेट चौक पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी व राहुल गांधी का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। नेशनल हेराल्ड कांग्रेस की संपत्ति नहीं
प्रदर्शनकारी भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में दोषियों के ऊपर कठोर कार्रवाई हो। नेशनल हेराल्ड की संपत्ति कांग्रेस की नहीं है, उसमें कई शेयरधारक थे, लेकिन इसे कांग्रेस अपना बनाने की कोशिश कर रही है। इसका युवा मोर्चा पुरजोर विरोध करती है। प्रदर्शन में भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री अंकित जायसवाल, जिला महामंत्री अंशुल श्रीवास्तव के साथ बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस कार्यालय का घेराव टाला
भाजयुमो ने पुतला दहन के साथ कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था। इसकी सूचना मिलने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय में गुड़ एवं पानी लेकर पहुंच गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश और प्रदेश में बीजेपी की सरकार आने के बाद से बीजेपी कार्यकर्ताओं की गर्मी बढ़ गई है, इसलिए उन्हें गुड और पानी पिलाने कांग्रेस कार्यालय के पास व्यवस्था की गई थी, लेकिन बीजेपी के लोग कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने नहीं पहुंचे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *