सरगुजा में मिट्टी की दीवार गिरी, बेटी की मौत:मां का पैर टूटा और अंदरूनी चोटें आई, विधायक राजेश बोले- बेहतर इलाज हो

सरगुजा जिले के लहपटरा में गुरुवार को मिट्टी की दीवार गिरने से बगल की गली से पैदल जा रही महिला और उसकी बेटी दब गई। दोनों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भेजा गया। हॉस्पिटल पहुंचने के पहले ही बच्ची की मौत हो गई, जबकि मां का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर अंबिकापुर विधायक घटना स्थल पर पहुंचे। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, लहपटरा के मंदिरपारा निवासी पावर्ती राजवाड़े (35) गुरुवार सुबह को अपने घर से सड़क की दूसरी ओर स्थित मायके गई थी। उसकी 6 साल की बेटी रिया राजवाड़े स्कूल जाने के लिए तैयार होने अपनी मां को बुलाने 9 बजे नाना के घर गई थी। दोनों गली से होकर घर लौट रहे थे। इस दौरान बारिश के कारण पहले से क्षतिग्रस्त शंभू राजवाड़े के घर की दीवार भरभराकर गली में गिर गई। बेटी की सांसें टूटी, मां का इलाज जारी कच्ची दीवार गिरने से रिया राजवाड़े और उसकी मां पार्वती दोनों मिट्टी के ढेर में दब गए। दीवार गिरने और दोनों की चीख सुनकर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। मिट्टी के ढेर को हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया। ग्रामीण दोनों को लेकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे। हॉस्पिटल पहुंचने पर डॉक्टरों ने रिया राजवाड़े को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पार्वती का इलाज चल रहा है। मृतक रिया राजवाड़े कक्षा पहली की छात्रा थी। इस साल ही उसका स्कूल में एडमिशन कराया गया था। जिस दीवार के गिरने से हादसा हुआ, वह बारिश में पूरी तरह से जर्जर हो चुका था, लेकिन उसे तोड़ा नहीं गया था। विधायक पहुंचे घटनास्थल, बेहतर इलाज के निर्देश घटना की सूचना मिलने पर अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल पार्वती राजवाड़े का बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। घटना में पार्वती राजवाड़े का पैर टूट गया है और अंदरूनी चोटें आई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *