सरगुजा के बतौली गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र कुमार गुप्ता की नए साल के पहले दिन हार्ट अटैक से मौत हो गई। दोपहर में उन्हें स्कूल में ही हार्ट अटैक आया। साथियों ने उन्हें हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना बतौली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र कुमार गुप्ता लंबे समय से बतौली गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र कुमार गुप्ता गुरुवार को स्कूल में थे। नववर्ष का पहला दिन होने के कारण स्कूल में छात्राओं की उपस्थिति काफी कम थी। दोपहर करीब 12.30 बजे वे ठंड का एहसास होने पर स्कूल के प्रांगण में धूप में कुर्सी लगाकर बैठे थे। अचानक वे कुर्सी से गिर गए। हॉस्पिटल पहुंचने के पहले हो गई मौत
प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र गुप्ता के कुर्सी से गिरने के कारण हड़कंप मच गया। उन्हें साथी शिक्षकों ने उठाने की कोशिश की, जब वे नहीं उठे तो स्कूल के शिक्षक मनीष कुमार गुप्ता एवं अन्य शिक्षक तत्काल उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। घटना की सूचना पर परिजन भी हॉस्पिटल पहुंचे। देवेंद्र गुप्ता की मौत से परिजन सदमें में हैं। देवेंद्र कुमार गुप्ता मूलतः बतौली ब्लॉक अंतर्गत बिलासपुर के रहने वाले थे। वे गणित के लेक्चरर थे। लंबे समय तक वे गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल बतौली के प्रभारी प्राचार्य के पद पर पदस्थ थे। एक माह पूर्व प्राचार्यों की पोस्टिंग के बाद स्कूल में नए प्राचार्य की नियुक्ति हो गई है। प्राचार्य के अवकाश में होने के कारण देवेंद्र कुमार गुप्ता फिलहाल प्राचार्य के प्रभार पर थे। देवेंद्र गुप्ता करीब दो वर्ष से अपने परिवार के साथ अंबिकापुर में रह रहे थे। उनकी पत्नी गृहिणी हैं। उनके बेटे एवं बेटियां पढ़ रहे हैं। नववर्ष के पहले दिन शिक्षक की मौत से शिक्षकों में भी शोक है।


