सरदारपुर में फोरलेन चौकड़ी से रिंगनोद तक सड़क निर्माण शुरू:14 करोड़ की लागत से बनेगी 7 KM लंबी सड़क

धार जिले के सरदारपुर में फोरलेन चौकड़ी से रिंगनोद तक 14 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस 7 किलोमीटर लंबी सड़क के बनने से वाहन चालकों और राहगीरों को धूल व पत्थरों से होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। पिछले दो वर्षों से सरदारपुर से रिंगनोद तक का यह मार्ग अत्यंत जर्जर अवस्था में था। लंबे समय से खराब पड़े इस मार्ग की सुध आखिरकार प्रशासन ने ली है। अब निर्माण एजेंसी ने कार्य प्रारंभ कर दिया है, जिसमें सड़क की लेवलिंग और चौड़ाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रथम चरण में 3 किलोमीटर सड़क का निर्माण अप्रैल माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कुल 7 किलोमीटर लंबी यह सड़क 14 मीटर चौड़ी होगी, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही में कोई दिक्कत नहीं आएगी। सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़े सीमेंट कॉन्क्रीट के शोल्डर भी बनाए जाएंगे, जिससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी सुविधा मिलेगी। यह मार्ग प्रसिद्ध भोपावर जैन तीर्थ से होकर गुजरता है, जो जैन और अजैन दोनों समुदायों की आस्था का केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मार्ग से होकर तीर्थ दर्शन के लिए जाते हैं। मार्ग की खराब स्थिति के कारण इन तीर्थ यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब सड़क निर्माण से उनकी यात्रा सुगम हो जाएगी। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ एलएन राठौड़ ने बताया कि सरदारपुर से रिंगनोद सड़क निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि पहली प्राथमिकता में सरदारपुर फोरलेन चौकड़ी से 3 किलोमीटर का मार्ग शीघ्र पूर्ण किया जाएगा, जो संभवतः अप्रैल तक पूरा हो जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *