देवास शहर की 32 वर्षीय महिला प्रॉपर्टी ब्रोकर ने रविवार को इंदौर रोड स्थित रामाश्रय होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में अपनी आपबीती सार्वजनिक की। महिला ने भावेश ठाकुर पर नशा देकर दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और 18 लाख रुपए की वसूली का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता ने बताया कि वह प्रॉपर्टी ब्रोकरेज का कार्य कर अपने और अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है। अप्रैल 2025 में आरोपी भावेश ठाकुर काम सीखने उसके कार्यालय आया था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महिला ने उसे काम पर रख लिया। काम के दौरान मिली निजी जानकारी
महिला के अनुसार, भावेश उसके साथ प्रॉपर्टी दिखाने जाया करता था। इस दौरान आरोपी को उसकी आय, कार्यस्थल और व्यक्तिगत गतिविधियों की पूरी जानकारी मिल गई। पीड़िता का कहना है कि जून 2025 में आरोपी उसे बर्थडे पार्टी के बहाने एक रिसॉर्ट ले गया। वहां उसे नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। इसके बाद आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार डराया और ब्लैकमेल किया। महिला का आरोप है कि आरोपी और उसके पिता के पास ये वीडियो मौजूद हैं। डर और धमकी के बीच आरोपी ने महिला से 3.50 लाख रुपए वसूल लिए और अपने कर्ज की रकम चुकाने का दबाव भी बनाया। बाद में आरोपी, उसके पिता राजेंद्र ठाकुर और अन्य साथी महिला के कार्यालय पहुंचे और पैसे की मांग की। 18 लाख की मांग, झूठे केस में फंसाने की धमकी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष ने 18 लाख रुपए की मांग करते हुए रकम न देने पर हनी ट्रैप समेत गंभीर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। साथ ही प्रशासन और पुलिस पर दबाव बनाने, भीड़ के बल पर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने और उसकी संपत्ति हड़पने की धमकी भी दी गई। मामले में पुलिस ने आरोपी भावेश ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपों के सभी पहलुओं को विवेचना में लिया गया है।


