सरदारपुर सब जेल में विधिक सहायता शिविर:बंदियों को निशुल्क कानूनी सहायता, जमानत और अधिकारों की जानकारी दी

धार जिले की सरदारपुर सब जेल में शनिवार शाम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, धार के जिला सचिव प्रदीप कुमार सोनी ने निरीक्षण किया। इस दौरान जेल परिसर में बंदियों के लिए विधिक सहायता एवं विधिक साक्षरता जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर के दौरान जिला सचिव सोनी ने बंदियों को निशुल्क विधिक सहायता योजनाओं और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बंदी को न्याय पाने का अधिकार है और प्राधिकरण के माध्यम से जरूरतमंदों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। निरीक्षण के दौरान बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन, रहने की व्यवस्था तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से न्यायालय में पेशी की स्थिति के संबंध में जानकारी ली गई। सचिव ने जमानती धाराओं में बंद बंदियों की जमानत याचिकाएं शीघ्र अधिवक्ताओं के माध्यम से प्रस्तुत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उन बंदियों की भी जानकारी ली जिनकी जमानत स्वीकृत होने के बावजूद जमानतदार के अभाव में वे जेल में हैं, या जो जुर्माना अदा न कर पाने के कारण सजा भुगत रहे हैं। सजायाफ्ता बंदियों से उनकी अपील की स्थिति पर भी चर्चा की गई। इस दौरान बंदियों ने अपने प्रकरणों से जुड़ी समस्याएं भी रखीं, जिनका मौके पर ही निराकरण करते हुए आवश्यक सुझाव दिए गए। निरीक्षण और शिविर में सहायक जेल अधीक्षक संजय कुमार परमार, वारंट शाखा प्रभारी सियाराम लिमनपुरे, तकनीकी सहायक दुर्गाशंकर मरोला सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *