प्रदेश की जीवनदायिनी नर्मदा नदी का बैकवाटर उच्च स्तर पर पहुंच गया है। गुजरात स्थित सरदार सरोवर बांध, इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर बांध अपनी पूर्ण क्षमता के करीब भर गए हैं। शुक्रवार दोपहर 12 बजे सरदार सरोवर बांध 138.68 मीटर के पूर्ण स्तर तक भर गया। बांध के एक गेट से 5000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि बिजली उत्पादन सहित कुल 51030 क्यूसेक पानी समुद्र में प्रवाहित किया जा रहा है। नर्मदा के ऊपरी क्षेत्र में बने इंदिरा सागर बांध अपनी पूर्ण क्षमता 262.13 मीटर के मुकाबले 262.12 मीटर तक भर गया है। इसी तरह, ओंकारेश्वर बांध भी अपनी पूर्ण क्षमता 196.60 मीटर के मुकाबले 196.51 मीटर तक भर गया है। फिलहाल इन दोनों बांधों के गेट बंद रखे गए हैं। राजघाट के पास बने नवीन घाट पर पूजन-दर्शन कर रहे श्रद्धालु एनवीडीए के बुलेटिन के अनुसार, बड़वानी शहर के समीप राजघाट में शुक्रवार को नर्मदा का बैकवाटर स्तर 138.40 मीटर दर्ज किया गया। यहां बैकवाटर का उच्च स्तर 138.68 मीटर है। बैकवाटर बढ़ने से राजघाट रोड पर पुराने फिल्टर प्लांट के आगे तक पानी पहुंच गया है। राजघाट के पास जागीरदारपुरा में बने नवीन घाट से श्रद्धालु नर्मदा पूजन-दर्शन करने पहुंच रहे हैं। तटीय क्षेत्रों में जल जमाव भी नजर आने लगा है। शुक्रवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, ओंकारेश्वर बांध के सभी गेट बंद कर 8 टरबाइन चलाकर 1896 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, इंदिरा सागर से भी मात्र 6 टरबाइन चलाकर 1610 क्यूमेक्स पानी प्रवाहित किया जा रहा है।


