सरना कोड लागू करने और जाति जनगणना की मांग को लेकर 27 मई को झामुमो देगा धरना

भास्कर न्यूज | गिरिडीह सरना कोड लागू करने और जाति जनगणना की मांग को लेकर झामुमो 27 मई को राज्यभर में धरना देगा। इसी को लेकर रविवार को बस स्टैंड स्थित झामुमो जिला कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में नगर विकास मंत्री और उच्च शिक्षा तकनीकी मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू शामिल हुए। कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान सरना धर्म से जुड़ी है। वे जल, जंगल और प्रकृति की पूजा करते हैं। सरना कोड लागू करना उनकी वर्षों पुरानी मांग है। झारखंड विधानसभा ने इसका प्रस्ताव पारित कर राज्यपाल को भेजा है। राज्यपाल अब तक इसे दबाकर क्यों रखे हैं, यह सवाल है। देश में करोड़ों आदिवासी रहते हैं। केंद्र सरकार अगर आदिवासियों की हितैषी है तो सरना कोड लागू करे और जाति जनगणना कराए। मंत्री ने कहा कि झामुमो 27 मई को सभी जिला मुख्यालयों में धरना देगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर आदिवासियों की मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया। बैठक को जमुआ के पूर्व विधायक और झामुमो नेता केदार हाजरा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जानबूझकर सरना कोड लागू नहीं कर रही है। झामुमो आंदोलन कर केंद्र को मजबूर करेगा। बैठक को प्रणव वर्मा, कोलेश्वर सोरेन, प्रधान मुर्मू, शहनवाज अंसारी, प्रमिला मेहरा, रॉकी सिंह और अजीत कुमार पप्पू ने भी संबोधित किया। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान सदर प्रखंड के गुंजन कुमार शर्मा और अनिल कुमार शर्मा ने झामुमो की सदस्यता ली। मंत्री ने उन्हें पार्टी का पट्टा ओढ़ाकर और फूल माला पहनाकर स्वागत किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *