मऊगंज में नईगढ़ी की ग्राम पंचायत करही की एक महिला ने महिला सरपंच के पति रमाशंकर कुशवाहा पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने, बदनाम करने की साजिश रचने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने न्याय के लिए एसपी कार्यालय में शिकायत की है। जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप पीड़िता ने आरोप लगाया है कि सरपंच पति रमाशंकर कुशवाहा ने उस पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे बदनाम करने की साजिश रची और झूठे आरोप फैलाने शुरू कर दिए। पीड़िता के अनुसार, उसकी सामाजिक छवि खराब करने की कोशिश की गई। जान से मारने की दी धमकी महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि रमाशंकर कुशवाहा ने उसके साथ अभद्र भाषा और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया। उसने धमकी दी कि अगर पीड़िता का पति कहीं मिला तो उसे जान से खत्म कर देगा। पीड़िता का कहना है कि 17 दिसंबर को उसने नईगढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने कथित तौर पर उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उसे वहां से भगा दिया। स्थानीय थाने से न्याय न मिलने पर पीड़िता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। यहां एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक ने उसका आवेदन स्वीकार किया और मामले की निष्पक्ष जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


