जालंधर| डीएवी विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई युवा संसद कार्यक्रम आयोजित कर रही है। जिसमें 18 से 25 वर्ष की आयु के कोई भी छात्र भाग ले सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 9 मार्च है। डॉ स्मृति खोसला ने बताया कि जालंधर और लुधियाना जिलों से संबद्ध छात्र और अन्य युवा कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। छात्रों को विकसित भारत पर अपने विचार और सुझाव देते हुए एक वीडियो अपलोड करना होगा। चयनित छात्रों को विधानसभा और भारत सरकार में अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिलेगा। उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा। डीएवी विश्वविद्यालय के कुलपति, डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि छात्र अपने नवीन विचारों के माध्यम से देश के विकास में योगदान दे सकते हैं। भास्कर न्यूज | जालंधर शिरोमणि अकाली दल के कपूरथला के प्रभारी एचएस वालिया ने शुक्रवार को जारी प्रेस रिलीज में कहा है कि जालंधर के सरफेस वाटर प्रोजेक्ट के ट्रीटमेंट प्लांट की खुदाई में से जो मिट्टी निकली है, उसकी टेंडरिंग में गड़बड़ी हो रही है। सीवरेज बोर्ड के अफसर अतिरिक्त रेवेन्यू सरकार के लिए कमा सकते हैं लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। वालिया ने कहा कि बीते दिनों सीवरेज बोर्ड के अफसरों ने मिट्टी की बिक्री के लिए आरक्षित कीमत 2 करोड़ 31 लाख रुपए तय करके टेंडर लगाया था। वालिया ने कहा कि उनकी कंपनी ने भी टेंडर डाला लेकिन उनको मिट्टी की कीमत की नीलामी के लिए लागइन नहीं दिया गया। शाम को आक्शन का ऑनलाइन सिस्टम नियमानुसार बंद कर दिया। वालिया ने कहा है कि मिट्टी की कीमत के लिए उन्होंने पूरा मामला ईमेल पर अफसरों को बताया लेकिन एक्शन नहीं हुआ। वह 70 लाख रुपए अतिरिक्त रेवेन्यू सरकार को देने के लिए तैयार हैं। ये कमाई करके जालंधर के विकास पर पैसा खर्च किया जा सकता है। वह पूरे मामले की शिकायत विजिलेंस को करेंगे।


