छतरपुर जिले के हरपालपुर नगर के व्यस्त इलाके में मगंलवार दिनदहाड़े एक सराफा व्यापारी की दुकान से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया गया। पूरी वारदात दुकान के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। नगर के हरिहर रोड निवासी सराफा व्यापारी रामबाबू सोनी अपनी दुकान पर थे। सुबह करीब 11:00 से 12:00 बजे के बीच, जब दुकान में कुछ रिपेयरिंग का काम चल रहा था और मिस्त्री ने उन्हें बुलाया, उसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने मौका पाकर अंदर रखा बैग चुरा लिया। बैग में 200 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपए नगद रखे थे। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना चोरी की पूरी प्रक्रिया दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में बदमाश बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही हरपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया है। गश्त बढ़ाने की मांग व्यापारी रामबाबू सोनी ने बताया कि दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से नगर के व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरी का खुलासा जल्द करने की मांग की है।


