छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने माओवादियों का एक हथियार डंप बरामद किया है। यह कार्रवाई 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली के आत्मसमर्पण के बाद उसकी निशानदेही पर की गई। पुलिस ने मौके से तीन बंदूकें और दो मैगजीन जब्त की हैं। जनवरी 2026 में आत्मसमर्पण करने वाली 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली भूमिका उर्फ गीता उर्फ लता उर्फ सोमारी ने यह महत्वपूर्ण जानकारी दी थी। छत्तीसगढ़ शासन और धमतरी पुलिस की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उसने माओवाद की हिंसक विचारधारा को त्यागकर मुख्यधारा में वापसी की थी। गहरा गड्ढा खोदकर छिपाया हथियार आत्मसमर्पित महिला नक्सली की निशानदेही पर डीआरजी धमतरी ने एक विशेष नक्सल सर्च अभियान चलाया। यह अभियान दौड़पंडरीपानी के जंगल क्षेत्र में चलाया गया, जहां माओवादियों ने हथियार छिपा रखे थे। माओवादियों ने हथियारों को जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर छिपाया था। सुरक्षा बलों की नजर से बचाने के लिए ऊपर से पत्तियों और अन्य प्राकृतिक सामग्री से ढका गया था। बरामद किए गए हथियारों में एक एसएलआर 7.62 एमएम ऑटोमेटिक राइफल (सीलिंग सहित), एसएलआर की दो खाली मैगजीन, एक 12 बोर बंदूक (सीलिंग सहित) और एक भरमार बंदूक शामिल हैं।


