वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे से सर्किट हाउस में जनसुनवाई करने में लगे हैं। सैकड़ों लोग अपनी परवेदना लेकर पहुंचे। कुछ के मामलों में मंत्री ने तुरंत अफसरों को फोन लगाया। बाकी लोगों के मामले संबंधित अधिकारियों को भेजे और तुरंत निस्तारण करने काे कहा। एक सीनियर सिटीजन ने नगर निगम की शिकायत की तो मंत्री ने तुरंत कमिश्नर को बुलाकर बुजुर्ग के मामले को सुनने के आदेश दिए। काला कुआं निवासी हरीश कालरा ने मंत्री को बताया कि वह पिछले सात महीने से नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन नाली निर्माण को लेकर कोई कार्रवाई नहीं हुई। संबंधित अभियंता द्वारा मौका रिपोर्ट भेजने के बाद भी प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। इसके बाद मंत्री ने कमिश्नर को सीनियर सिटीजन की परिवेदनाओं को महत्व देते हुए उनकी समस्या का समाधान करने के आदेश दिए। इसके अलावा बिजली, पानी, नाला निर्माण सहित कई समस्याओं को लेकर परिवादी जनसुनवाई में पहुंचे और समाधान की मांग की। मंत्री दोपहर करीब 12 बजे तक जनसुनवाई करेंगे। उसके बाद दूसरे कार्यक्रमों में भाग लेने जाएंगे।


