सर्दी का कड़ाके का दौर जारी:हिमाचल में बर्फबारी से भरतपुर में घना कोहरा, 10 को बारिश संभव

हिमाचल के चार जिलों में बर्फवारी से भरतपुर में सर्दी का कड़ाके का दौर जारी है। जनवरी माह में सर्दी अधिक सताएगी। शनिवार को घना कोहरा छाया रहा और वाहनों की रफ्तार थम गई। पूरे दिन कोहरा छाए रहने से धूप नहीं खिली और सर्दी में लोग ठिठुरते नजर आए। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले 3 दिन में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने और उसके बाद 2 से 4 डिग्री की गिरावट का पूर्वानुमान है। 10 से 16 जनवरी के बीच हल्की बरसात होने की संभावना है और फिर ठंड बढेगी। वर्तमान में दिन का तापमान व रात के तापमान में काफी अंतर है। शनिवार की बात करें तो सरसों अनुसंधान केन्द्र के मुताबिक इस दिन अधिकतम तापमान 4.7 से घटकर 13.3 डिग्री और न्यूनतम 2.3 बढ़ने पर 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री रहा और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया ​था। इससे पहले वर्ष 2024 में जनवरी माह में औसत तापमान अधिकतम 17.5 एवं न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री रहा। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक राजस्थान में दो कारणों से सर्दी कम और ज्यादा होती है, इनमें पहला पश्चिमी विक्षोभ का आना एवं दूसरी उत्तर की बर्फीली हवा का चलना है। विक्षोभ सक्रिय हाेने से उत्तर भारत में बर्फबारी होती है तथा जिले में सर्द हवा चलने से सर्दी बढ़ जाती है। ऐसे में जनवरी माह में सर्दी का असर बढ़ने की उम्मीद है। वहीं बयाना में कोहरे के चलते 15 मीटर तक देख पाना भी मुश्किल रहा। ऐसे में अलसुबह सड़कों पर निकले लोग परेशान होते नजर आए। ज्यादा दिक्कत साइकिल और रेहड़ी चालकों को आई। दूर से आते हुए नजर नहीं आने से इन्हें हादसे का खतरा बना रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *