सर्पदंश से पति-पत्नी की मौत, सांप को मारकर सो गए:सूरजपुर में हॉस्पिटल ले जाने के बजाय कराते रहे झाड़फूंक, चार बच्चे हुए अनाथ

सूरजपुर जिले के ग्राम बसकर में जमीन पर सो रहे दंपती को जहरीले सांप ने डस लिया। जब उनकी नींद देर रात खुली तो उन्होंने बिस्तर में जहरीले करैत सांप को देखा। उन्होंने सांप को मार दिया और फिर सो गए। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ी तो उन्हें हॉस्पिटल ले जाने के बजाय परिचित उनका झाड़फूंक कराते रहे। शुक्रवार दोपहर दोनों की मौत हो गई। मामला भैयाथान थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, भैयाथान ब्लॉक के ग्राम पंचायत बसकर निवासी तुलेश्वर गोंड (40) पत्नी नीता (38) और चार बच्चों के साथ बीती रात खाना खाकर जमीन में सो रहे थे। रात लगभग 2 बजे नींद खुली, तो बिस्तर के पास करैत सांप नजर आया। दंपती ने उसे मारकर घर के कोने में ही रख दिए। फिर दोनों सो गए। एक-डेढ़ घंटे बाद पत्नी को बेचैनी होने लगी। वह हड़बड़ा कर उठी और पति को भी जगाया। हॉस्पिटल पहुंचाने के बजाय कराते रहे झाड़फूंक इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई। वे हॉस्पिटल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक शुरू कर दिए। धीरे-धीरे दोनों की हालत बिगड़ने लगी। सुबह तक पति का चेहरा भी सूज गया था। इससे स्पष्ट था कि दोनों को सांप ने डंस लिया है। गाड़ी की व्यवस्था नहीं हो पाने पर सुबह लगभग 11 बजे दंपती को एम्बुलेंस से भैयाथान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जांच के बाद महिला को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पति तुलेश्वर गोंड़ की गंभीर हालत को देखते हुए सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के बाद भी पति की जान नहीं बच सकी। चार बच्चे हुए बेसहारा देर शाम दोनों का शव घर पहुंचा। माता-पिता की मौत से बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में ही मृतक का एक भाई रहता है। अब उसी पर बच्चों के लालन-पालन की जिम्मेदारी आ गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *