सर्राफा बाजार से 5 लाख का सोना लेकर कारीगर फरार:सतना में व्यापारी ने दर्ज कराई शिकायत; पश्चिम बंगाल से आया था आरोपी

सतना के सर्राफा बाजार में करीब 5 लाख रुपए मूल्य का सोना लेकर पश्चिम बंगाल का कारीगर गायब हो गया। घटना के बाद सर्राफा व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। पीड़ित व्यापारी ने सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कराया है। भरोसेमंद कारीगर ने चुराया सोना पुलिस के अनुसार, कृष्णा कॉलोनी निवासी पन्नालाल सोनी शहर के पन्नीलाल चौक में “ओम ज्वेलर्स” के नाम से दुकान चलाते हैं। उन्होंने कुछ समय पहले पश्चिम बंगाल के पुष्पेंन्द्र बैरा को बतौर कारीगर काम पर रखा था। पुष्पेंन्द्र ने अपने व्यवहार और काम से व्यापारी का भरोसा जीत लिया था। करीब चार दिन पहले पन्नालाल ने उसे 35 ग्राम सोना आभूषण तैयार करने के लिए दिया, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपए है। लेकिन पुष्पेंन्द्र सोना लेकर चुपचाप गायब हो गया। व्यापारी ने पहले खुद उसे ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर शनिवार को पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। और भी व्यापारी हुए शिकार कारीगर के भागने की खबर फैलते ही पन्नीलाल चौक के एक अन्य सर्राफा व्यापारी भी थाने पहुंचे और बताया कि उनका भी कीमती सोना आरोपी लेकर फरार हो गया है। इस घटना के बाद व्यापारियों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिल रहे हैं। इससे पहले करीब 6 महीने पहले निजाम शेख नामक कारीगर भी सर्राफा बाजार से लगभग 15 लाख रुपए का सोना लेकर फरार हो चुका है। उसी निजाम शेख ने ही पुष्पेंन्द्र बैरा को पश्चिम बंगाल से बुलाकर सर्राफा मार्केट में काम पर लगाया था। फिलहाल पुलिस को दोनों फरार कारीगरों का कोई पुख्ता सुराग नहीं मिल सका है, जिससे उनकी तलाश में दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *