सर्वसम्मति से चुना नया पैनल:किसानों ने पुतला फूंक पूंजीवादी ताकतों का किया विरोध

भास्कर न्यूज | अमृतसर अखिल भारतीय किसान सभा की तहसील बाबा बकाला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को गांव धूलका में कॉमरेड दलबीर सिंह धूलका की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का उद्घाटन कॉमरेड सुच्चा सिंह अजनाला ने किया, जिन्होंने किसान सभा के इतिहास और संघर्षों के माध्यम से प्राप्त उपलब्धियों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा लैंड पूलिंग नीति को वापस लेने के निर्णय को किसानों की जीत करार देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की कि इस कानून को विधानसभा में भी औपचारिक रूप से रद्द किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह कानून रद्द नहीं किया गया तो 24 अगस्त को समराला में महा पंचायत का आयोजन किया जाएगा। कॉमरेड अजनाला ने केंद्र सरकार की भी आलोचना करते हुए कहा कि मोदी सरकार स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं कर रही है और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिल रहा। बैठक के समापन पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतलों को फूंककर पूंजीवादी ताकतों का विरोध किया गया। इस मौके पर कॉमरेड सुच्चा सिंह अजनाला द्वारा प्रस्तुत पैनल को सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली, जिसमें मुख्य सलाहकार बुजुर्ग किसान नेता सुच्चा सिंह झाड़ूनंगल, प्रधान दलबीर सिंह धूलका, जनरल सचिव दयाल सिंह कलेर, अन्य पदाधिकारी रणजीत सिंह बल्ल, जगतार सिंह छजलवडी, बलजिंदर सिंह सरजा, जस्सा सिंह जोधे, सरबजीत सिंह धूलका, दसोदा सिंह भट्टीके, निर्मल सिंह भट्टीके, इकबाल सिंह धूलका, दलबीर सिंह छजलवली, निर्मल आदि चुने गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *