कटनी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। रामकृष्ण वेयर हाउस में काम करने वाले एक सर्वेयर राहुल देव पांडे ने ‘आर.बी. एसोसिएट भोपाल’ के अधिकारियों और सुपरवाइजरों पर पैसे की उगाही और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। सर्वेयर ने इस संबंध में कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायतकर्ता राहुल देव पांडे के अनुसार, आर.बी. एसोसिएट के सुपरवाइजर ने उनसे हर गाड़ी पर 500 रुपए की अवैध राशि मांगी। यही नहीं, समिति प्रभारियों से मिलने वाले कमीशन में से भी बड़ा हिस्सा देने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि सुपरवाइजर ने बड़े अधिकारियों के नाम पर 10 हजार और 25 हजार रुपए की मांग की और पैसे न देने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी। वसूली के लिए पुराने घोटालेबाजों का सहारा शिकायत में एक चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि जिले में उन लोगों के जरिए वसूली कराई जा रही है, जो पिछले उपार्जन घोटाले में पकड़े गए थे। सर्वेयर का दावा है कि कुछ ऐसे लोग जो कंपनी में कार्यरत भी नहीं हैं, उन्हें अलग-अलग इलाके बांटकर अवैध उगाही के काम में लगाया गया है। सुपरवाइजर पर संरक्षण के आरोप सर्वेयर का आरोप है कि इन बाहरी लोगों को सुपरवाइजर उपेंद्र सिंह गौर का पूरा संरक्षण मिला है। सर्वेयर ने बताया कि अपनी नौकरी बचाने के लिए उन्होंने मजबूरी में घर से पैसे लाकर दिए, फिर भी उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। किसान नेता इंद्र मिश्रा ने बताया कि पूरे जिले में धान खरीदी के नाम पर कमीशन का खेल चल रहा है। अधिकारी पहला सर्वे पर अवैध वसूली करने का दबाव बनाते हैं, इसके बाद सर्वे और प्रत्येक समितियां से अवैध रकम वसूलते हैं। इसके बाद इसकी भरपाई करने के लिए किसानों से वसूली की जाती है, पैसे ना देने पर धान को खराब गुणवत्ता का बताकर रिजेक्ट कर दिया जाता है। सुपरवाइजर ने आरोपों को झूठा बताया सुपरवाइजर उपेन्द्र सिंह गौर ने बताया कि मेरे ऊपर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं और जी ऑडियो की बात की जा इसमें भी मेरी आवाज नहीं है। अधिकारी बोले- शिकायतकर्ता के आरोप झूठे नान जिला अधिकारी देवेंद्र तिवारी कहना है कि सर्वेयर राहुल पांडे ने गड़बड़ी की शिकायत की है। इसकी जांच कराई गई। रिपोर्ट में आरोप झूठे पाए गए। इस पर 19-12-2025 को शिकायतकर्ता सर्वेयर राहुल पांडे को हटा दिया गया था।


