भास्कर न्यूज| महासमुंद सर्व समाज समन्वय महासभा छत्तीसगढ़ के प्रांत अध्यक्ष डॉ. संजीव वशिष्ठ ने कांकेर जिले के ग्राम आमाबेड़ा का दौरा किया। जहां बिना ग्राम सभा की स्वीकृति निर्मित प्रार्थना-सभा स्थल को हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने आदिवासी प्रतिनिधियों और पीड़ितों से भेंटकर कहा कि पीईएसए कानून एवं ग्राम सभा के अधिकारों की अनदेखी एक गंभीर त्रुटि है। लाठीचार्ज अनुचित रहा। साथ ही, अनुसूची-5 क्षेत्र में बिना अनुमति धार्मिक संरचना को असंवैधानिक बताते हुए इसे सामाजिक अपराध, अतिक्रमण एवं संविधान-विरोधी आचरण कहा और वैधानिक कार्रवाई की माँग की। डॉ. वशिष्ठ पीड़ितों के साथ शिशुपाल शोरी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां प्रशासन ने दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने विष्णुदेव सरकार की गंभीरता तथा दोषियों पर दर्ज प्रकरण को संतोषजनक बताते हुए निष्पक्ष व कठोर कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की। डॉ. संजीव ने कांकेर एसपी से घटना के संबंध में मुलाकात की । इस दौरान शिशुपाल शोरी, रमाशंकर श्रीवास्तव, ईश्वर कावरे, पद्मिनी चंद्राकर, विजय पदुमवार व अन्य उपस्थित थे।


