सर्व हिन्दू समाज के सम्मेलन के दौरान निकाली रैली

भास्कर न्यूज | प्रतापपुर नगर के मिनी स्टेडियम ग्राउंड में रविवार को सर्व हिन्दू समाज के तत्वावधान में एक विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों, मातृ शक्तियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों की सहभागिता देखने को मिली। पूरे आयोजन स्थल पर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना का सशक्त वातावरण नजर आया। सम्मेलन का शुभारंभ छत्तीसगढ़ी पारंपरिक लोकनृत्य कर्मा की मनोहारी प्रस्तुति से हुआ। लोकनृत्य ने न केवल दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत से ही उत्साह और अनुशासन का परिचय देखने को मिला। कार्यक्रम में विभाग कार्यवाह अमरदीप देवांगन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में गजेंद्र सिंह, अभियोजन अधिकारी, अपर जिला सत्र न्यायालय प्रतापपुर विशेष रूप से शामिल हुए। साथ ही गायत्री परिवार से मातृ शक्ति मनोरमा सिंह और हीरालाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंच पर अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम का प्रथम उद्बोधन गजेंद्र सिंह ने दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की मजबूती न्याय, संस्कार और आपसी सद्भाव पर आधारित होती है। उन्होंने कहा ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं। उन्होंने सर्व हिन्दू समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जागरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर बदलाव लाने का प्रयास करें तभी सशक्त बनेगा राष्ट्र: अमरदीप मुख्य वक्ता अमरदीप देवांगन ने बताया कि पंच परिवर्तन केवल विचारधारा नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन में उतारने का संकल्प है। जब प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर बदलाव लाने का प्रयास करता है, तभी समाज और राष्ट्र सशक्त बनते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *