सलूंबर में वित्तीय सेवा विभाग, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के देखरेख में शुक्रवार को “आपकी पूंजी आपका अधिकार” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बैंकों में वर्षों से निष्क्रिय पड़ी अनक्लेम्ड जमा राशि के प्रति जागरूक करना और पात्र खाताधारकों को उनकी पूंजी वापस दिलाने की प्रक्रिया समझाना था। लोकसभा सांसद मन्ना लाल रावत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और स्वयं सहायता समूहों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में सांसद रावत ने बताया कि केंद्र सरकार और बैंकों के संयुक्त प्रयासों से देशभर में निष्क्रिय खातों को पुनर्जीवित करने और पात्र नागरिकों को उनकी राशि लौटाने का अभियान तेजी से चल रहा है। इस आयोजन में जिले के सभी प्रमुख बैंकों जैसे भारतीय स्टेट बैंक (SBI), आईसीआईसीआई बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB), केनरा बैंक, राजस्थान ग्रामीण बैंक और इंडियन बैंक ने सक्रिय भागीदारी की। बैंकों ने कार्यक्रम स्थल पर विशेष सेवा स्टॉल लगाए, जहाँ नागरिकों को अनक्लेम्ड जमा खातों से संबंधित दस्तावेजी सहायता, अद्यतन जानकारी और त्वरित समाधान प्रदान किया गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अधिकारी सागर पंवार ने बताया कि जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष (DEAF) के तहत निष्क्रिय खातों के दावों के निपटान की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध है।


