सलूम्बर पुलिस ने राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर युवाओं को नशा मुक्त, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान 1468 स्टूडेंट्स और 128 सीएलजी सदस्यों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और पुलिस कार्यप्रणाली समझाई गई। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देश पर जिले के सभी पुलिस थानों में स्कूली स्टूडेंट्स और युवा सीएलजी सदस्यों को थानों का विजिट कराया गया। उन्हें अपराध नियंत्रण की प्रक्रिया, सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव और बाल अधिकार व बाल संरक्षण कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। युवाओं को राजकोप सिटीजन ऐप डाउनलोड करने और उसकी उपयोगिता के बारे में भी बताया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला, वृत्ताधिकारी हेरख जोशी (सलूम्बर) और चांदमल सिंगारिया (सराड़ा) के पर्यवेक्षण में जिलेभर के थानों में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। थानों में पहुंचे छात्र-छात्राओं ने स्वयं प्रस्तुतियां भी दीं, जिनमें से श्रेष्ठ प्रस्तुतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव द्वारा युवाओं को नशे से दूर रहने और नशे से पनप रहे अपराधों के विरुद्ध जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने पुलिस अधिकारियों से संवाद कर साइबर फ्रॉड, सड़क दुर्घटनाओं और नशे से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि युवा शक्ति ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और यदि युवा नशा मुक्त होंगे तो अपराध स्वतः कम होंगे।


