लुधियाना| लुधियाना विधानसभा क्षेत्र उत्तरी में सलेम टाबरी जालंधर बाईपास से जस्सियां चौक तक ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। इस परियोजना के कार्यों का उद्घाटन विधायक मदन लाल बग्गा ने क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में किया। ग्रीन बेल्ट परियोजना पर करीब 99 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत सड़क किनारे हरियाली विकसित की जाएगी, जिससे इलाके की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को स्वच्छ व प्रदूषणमुक्त वातावरण मिलेगा। विधायक ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद भगत सिंह कॉलोनी, अशोक नगर, न्यू अशोक नगर (30 फुटी रोड), न्यू अमन नगर और भोरा कॉलोनी के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन के साथ-साथ हरियाली और साफ-सुथरे माहौल का लाभ मिलेगा। विधायक बग्गा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार आम जनता को साफ-सुथरा और हरियाली से भरपूर वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है। शहरों में ग्रीन बेल्ट, पार्क और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ वातावरण मिल सके। इस मौके पर नगर निगम पार्षद अमन बग्गा खुराना, अशोक कुमार, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने इस परियोजना को इलाके के विकास की दिशा में अहम कदम बताया।


