बकाया प्रॉपर्टी टैक्स और जल-सीवर शुल्क की वसूली को फील्ड में उतरेंगे अधिकारी

भास्कर न्यूज | लुधियाना निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने शुक्रवार को जोन-डी कार्यालय में प्रॉपर्टी टैक्स और ओएंडएम (जल-सीवर) सेल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में अतिरिक्त कमिश्नर परमदीप सिंह, जॉइंट कमिश्नर विनीत कुमार, और जॉइंट कमिश्नर अभिषेक शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य बकाया टैक्स की वसूली में तेजी लाना और डिफॉल्टरों पर नकेल कसना था। कमिश्नर ने वित्त वर्ष 2025-26 के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स के 180 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले 31 दिसंबर 2025 तक 135 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली हो चुकी है। वहीं, जल-सीवर और डिस्पोजल शुल्क के 60 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 35 करोड़ रुपये से अधिक एकत्र किए गए हैं। कमिश्नर ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने और निर्धारित लक्ष्य समय पर हासिल करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि वसूली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी कानूनी कार्रवाई या जुर्माने से बचने के लिए अपने बकाया करों का भुगतान समय पर करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *