77 वें गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी में कार्यरत सहायक कृषि अधिकारी पिन्टू लाल मीणा को कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं नवाचारी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है। राज्यपाल हरिभाऊ किसन राव बागड़े ने सोमवार को जयपुर स्थित सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित समारोह में पिन्टू लाल को योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मीणा को सोमवार को ही लोकभवन जयपुर में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में फोटो सेशन के लिए भी आमंत्रित किया गया। सहायक कृषि अधिकारी पिन्टू लाल मीणा आधुनिक कृषि तकनीक, फसलों के बेहतर उत्पादन, उन्नत एवं संरक्षित खेती तथा विभिन्न कृषि योजनाओं से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया एवं अन्य प्रभावी माध्यमों के जरिए देशभर के किसानों तक नियमित रूप से पहुंचाते हैं। उनके मार्गदर्शन से अनेक किसानों को योजनाओं का लाभ मिला है और तकनीकी ज्ञान से फसल उत्पादन एवं आय में वृद्धि हुई है, जिससे किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है। कृषि विस्तार के क्षेत्र में नवाचार एवं डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग के लिए पिन्टू लाल मीना को पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी किसानों को प्रशिक्षण देने तथा कृषि में सोशल मीडिया की भूमिका पर मार्गदर्शन हेतु आमंत्रित किया जा चुका है। उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मंचों पर कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल, उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री, राजस्थान के पूर्व कृषि मंत्री, आयुक्त कृषि जयपुर सहित विभिन्न जिलों के कलक्टर एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनको सम्मानित किया जा चुका है।सवाई माधोपुर जिले के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय है। इससे किसानों, कृषि विभाग के अधिकारियों-कार्मिकों और अन्य हितधारकों को कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी प्रसार और किसान सशक्तिकरण की दिशा में प्रयासों के लिए नई प्रेरणा मिलती है।


