राजस्थान सरकार की ओर से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा गुरुवार से पूरे प्रदेश में शुरू हो गया। इसी क्रम में सवाई माधोपुर में भी हम्मीर सर्किल पर परिवहन विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडीएम संजय शर्मा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। गुलाब का फूल देकर समझाया जिला परिवहन अधिकारी हनुमान मीणा ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आयोजन 11 दिसंबर से 25 दिसंबर तक किया जाएगा। पखवाड़े के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग थीम पर आधारित कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले दिन गुरुवार को हम्मीर सर्किल से सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए आमजन को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। पखवाड़े के तहत होंगे कार्यक्रम डीटीओ मीणा ने आगे बताया कि शुक्रवार को शहर के विभिन्न स्कूलों में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। वहीं शनिवार को शहर में भव्य यातायात जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जिसमें विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी शामिल रहेंगे। ट्रैफिक नियमों को समझाया उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत 25 दिसंबर तक अनेक जागरूकता कार्यक्रम, मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता और ट्रैफिक नियमों के महत्व पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों को कम करना और लोगों को सुरक्षित व जिम्मेदार चालक बनने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान नगर परिषद सभापति सुनील तिलकर, पूर्व उप सभापति राजेश गोयल, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दीपक मीणा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश जैन, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. भरत लाल मथुरिया, भाजपा मीडिया प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, सुधीर शर्मा, रूप सिंह मीणा, संतोष मथुरिया कृष्णा गुप्ता मौजूद रहे।


