सवाई माधोपुर में लुकआउट सर्कुलर पर स्थाई वारंटी गिरफ्तार:सऊदी अरब से आए आरोपी को मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा; पिता की मौत पर लौटा भारत

सवाई माधोपुर के मानटाउन थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में विदेश से लौटे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से गिरफ्तारी वारंट और लुकआउट सर्कुलर जारी था। SP अनिल कुमार ने बताया कि थाना मानटाउन में मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम 2019 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में इफरोज खान (26) पुत्र हनीफ खान निवासी दोबड़ा कला थाना कुण्डेरा, जिला सवाई माधोपुर, वांछित चल रहा था। वह अपने पिता की मौत पर भारत लौटा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए गया था सऊदी अरब मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जेद्दाह, सऊदी अरब चला गया था। न्यायालय ने 9 जनवरी को आरोपी के खिलाफ स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। आरोपी के विदेश में होने की संभावना को देखते हुए एसपी कार्यालय सवाई माधोपुर ने अपराध शाखा पुलिस मुख्यालय जयपुर के माध्यम से इंटरपोल से लुकआउट सर्कुलर जारी करवाया। पिता की मौत पर लौटा भारत 19 दिसंबर को आरोपी अपने पिता की मृत्यु के कारण जेद्दाह से मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा। वहां इमिग्रेशन अथॉरिटी ने लुकआउट सर्कुलर के आधार पर उसे डिटेन कर लिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस थाना सहार, ग्रेटर मुंबई के सुपुर्द किया गया। मुंबई से सवाई माधोपुर लाया गया आरोपी मानटाउन थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम मुंबई पहुंची। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय, रेलवे कोर्ट अंधेरी से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया और उसे सवाई माधोपुर लाया गया। वॉट्सऐप पर 3 तलाक देने का आरोप पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी ने 15 जुलाई 2024 को मामला दर्ज कराया था। शिकायत में दहेज की मांग कर परेशान करने और विदेश से वाट्सऐप के माध्यम से तीन तलाक देने का आरोप लगाया गया था। जांच में अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया गया। अवकाशकालीन न्यायालय में पेश किया जाएगा गिरफ्तार आरोपी को अवकाशकालीन न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *