सवाई माधोपुर में सब्जी विक्रेताओं ने की अनिश्चितकालीन हड़ताल:पुराने शहर में सब्जी मंडी हटाए जाने का विरोध, स्थाई सब्जी मंडी बनाने की मांग

सवाई माधोपुर के पुराने शहर के नेहरू पार्क में संचालित सब्जी मंडी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में सब्जी विक्रेताओं की ओर से शनिवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल कर दी गई। इस दौरान सभी सब्जी व्यापारी नेहरू पार्क स्थित सब्जी मंडी पर इकट्ठा हुए।
इसके बाद नारेबाजी और रैली निकालते हुए गोपाल जी मंदिर के पास स्थित हटवाड़े में पहुंचे। यहां पहुंचकर सब्जी व्यापारियों ने कुछ सब्जी विक्रेताओं के सब्जी बेचे जाने का विरोध किया और यहां सब्जी बेचना बंद करवा दिया। स्थाई सब्जी मंडी की मांग की
इस दौरान सब्जी मंडी यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह पिछले 35 साल से यहां सब्जी बेचकर अपना परिवार पालन कर रहे हैं। अब नगर परिषद की ओर से सब्जी मंडी को खाली करवा दिया है। जिससे उनके रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है। सब्जी मंडी बंद होने से करीब 250 लोग बेरोजगार हो गए हैं। सब्जी व्यवसायियों का कहना है कि उनकी हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब‌ तक उन्हें स्थाई सब्जी मंडी के लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराई जाती है। नगर परिषद ने‌ खाली करवाई थी सब्जी मंडी
सवाई माधोपुर नगर परिषद की ओर से हाई कोर्ट के आदेश पर नेहरू पार्क की जमीन पर संचालित सब्जी मंडी को बंद करवाकर इस जमीन को खाली करवा दिया। मामले को लेकर सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि नगर परिषद की ओर से सब्जी मंडी के पास में पार्क का निर्माण कर दिया है। ऐसे अब इस जमीन को खाली करवाना अनुचित है। नगर परिषद की ओर से सब्जी व्यापारियों से हर साल करीब 5 लाख रुपए राजस्व भी लिया जा रहा है। इसके बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *