सवाई माधोपुर की मानटाउन थाना पुलिस ने 14 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी फुलचन्द मीणा पुत्र श्योपाल सिंह निवासी दिवाड़ा की झोपड़ियां, थाना मलारना डूंगर पर दस हजार रुपए का इनाम था। फुलचंद ट्रैक्टर ट्रॉली लूट में फरार चल रहा था। SP अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि 29 मार्च 2011 का है, जब केसरीलाल निवासी सांगानेरी गेट, भीलवाड़ा का बजरी से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली 3-4 बदमाश ड्राइवर को बहला-फुसलाकर पांसल चौराहे की ओर ले जाकर लूट लिया था। इसे लेकर थाना प्रतापनगर भीलवाड़ा में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में अजय, विजय और कैलाश को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं फुलचन्द मीणा लंबे समय से फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए भीलवाड़ा पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के लिए किया टीम का गठन SP बेनीवाल ने बताया कि ASP रामकुमार कस्वां व CO सिटी उदय सिंह मीणा के सुपरविजन और थानाधिकारी मानटाउन सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया है। गठित टीम के ASI अजीत मोगा (साइबर सेल), ASI लक्ष्मण सिंह, हैड कॉन्स्टेबल सत्यनारायण, कॉन्स्टेबल केदार प्रसाद, विजय सिंह और बुद्धिप्रकाश को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट मामले में फरार चल रहा फुलचन्द मीणा अपने घर आया हुआ है। इस पर पुलिस टीम ने दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


