सवाई माधोपुर में जारी कड़ाके की सर्दी के बीच सामाजिक सरोकार निभाते हुए भामाशाह और ट्रस्ट ने दो सरकारी स्कूलों के कुल 411 स्टूडेंट्स को जर्सियां वितरित की, जिससे बच्चों को ठंड से राहत मिली। सर्दी के बीच भामाशाहों की पहल सवाई माधोपुर में इन दिनों कड़ाके की सर्दी का दौर चल रहा है। ऐसे मौसम में जरूरतमंदों की मदद के लिए भामाशाह आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को गवर्नमेंट अपर प्राइमरी स्कूल तालड़ा में जर्सी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तालड़ा स्कूल के 120 बच्चों को जर्सियां स्कूल के प्रधानाध्यापक तुलसीराम शर्मा ने बताया कि सवाई माधोपुर के शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष शर्मा के पिता टीकाराम शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर स्कूल के सभी 120 छात्र-छात्राओं को जर्सियां वितरित की गईं। जर्सियां मिलने से बच्चों को सर्दी के मौसम में ठंड से राहत मिलेगी। मानव सेवा ही सच्चा धर्म कार्यक्रम के दौरान टीकाराम शर्मा ने कहा कि समाज की भलाई के लिए हर व्यक्ति को आगे आना चाहिए। प्रत्येक वर्ग के लोगों की मदद करना हम सभी की जिम्मेदारी है। जरूरतमंदों के साथ खड़े रहकर उनकी सहायता करना ही सच्ची मानव सेवा है। जर्सी पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। स्कूल स्टाफ और अभिभावकों ने इस पहल के लिए भामाशाह का आभार जताया। बांटी 291 जर्सियां इसी कड़ी में विजेश्वर धर्माथ ट्रस्ट की ओर से गीता देवी गर्ल्स गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आदर्श नगर में भी जर्सी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां ट्रस्ट द्वारा कक्षा एक से बारहवीं तक की छात्राओं को कुल 291 जर्सियां वितरित की गईं। जर्सियां मिलने से बच्चियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और सर्दी के मौसम में उन्हें बड़ी राहत मिली।


