राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर की ओर से आयोजित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा 2024 के लिए रविवार परीक्षा हुई है। इसके लिए सवाई माधोपुर जिले में कुल 19,888 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड थे। जिसमें से 11,432 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 8,456 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला मुख्यालय पर 37 परीक्षा केंद्रों पर कुल 10,241 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड थे। जिसमें 5,960 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 4,281 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह सवाई माधोपुर में करीब 57.48 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी। एक घंटे पहले दिया प्रवेश
सवाई माधोपुर के सभी 73 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। इस दौरान परीक्षार्थियों की कड़ी चैकिंग की गई। जिसके बाद उन्हें परीक्षा केंद्र पर प्रवेश दिया गया। जिला प्रशासन ने सतर्कता के लिए पहले ही परीक्षा केंद्र के 100 मीटर दायरे में ईमित्र व साइबर कैफे बंद करवा दिए थे। परीक्षा के लिए सवाई माधोपुर में 37 व गंगापुर सिटी के लिए 36 परीक्षा केन्द्र बनाएं थे। जिसमें बामनवास व वजीरपुर भी शामिल थे। जिले में यह परीक्षा 44 निजी संस्थान और 29 सरकारी संस्थान पर आयोजित हुई। यहां प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों 2 वीडियोग्राफर मौजूद रहे। जिन्होंने परीक्षा के दौरान विडियोग्राफी की। देखने को मिले सुरक्षा के इंतजाम
जिले में इस दौरान सुरक्षा के माकूल इंतजाम देखने को मिले। इसे लेकर 12 फ्लाइंग स्कवाड का गठन किया था। जिसमें सवाई माधोपुर के लिए 6 फ्लाइंग स्कवाड और गंगापुर के लिए 6 फ्लाइंग स्कवाड गठित किए गए थे। फ्लाइंग स्कवाड में एक राजस्थान प्रशासनिक सेवा का अधिकारी, एक राजस्थान पुलिस सेवा का अधिकारी व जिला शिक्षा अधिकारी स्तर का अधिकारी शामिल रहे।


