शहर से बांसवाड़ा की तरफ जाने वाले रोड पर हाड़ी रानी व सवीना चौराहे के बीच स्थित सवीना रेलवे पुलिया के अंडरपास पर रास्ता रोक दिया गया है। यहां नगर निगम ने मंगलवार देर रात सीवरेज लाइन डालने का काम शुरू किया। अब हाड़ी रानी चौराहे से विजय सिंह पथिक नगर होते हुए सेक्टर 9 की पुलिया से सवीना चौराहे पर आना-जाना होगा। इसके अलावा पारस चौराहे से राजपूताना रिसॉर्ट हाेते हुए भी सवीना चौराहे तक पहुंच रहे हैं। ये लाइन हाड़ी रानी चौराहे से सवीना चौराहे तक करीब एक-डेढ़ किमी में डाली जानी है। ऐसे में इस मार्ग पर करीब ढाई माह तक ट्रैफिक प्रभावित रहने की आशंका है। अंडरपास में मंगलवार से काम शुरू हुआ, लेकिन इससे सात दिन पहले पाइप आड़े-तिरछे लगाकर रास्ता रोक दिया गया था। इस मार्ग से रोज गुजरने वाले करीब 17 हजार वाहन चालकों को लंबे समय तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। शहर के 14 वार्डों में 152 किमी लाइन बिछाई जाएगी नगर निगम अमृत 2.0 योजना के तहत 180.53 करोड़ की लागत से शहर के 14 वार्डों में 152 किमी लंबाई में सीवरेज लाइन बिछाएगा। इसी के तहत यहां भी काम किया जा रहा है। इन सभी वार्डों में 18 हजार 620 सीवरेज कनेक्शन दिए जाएंगे। प्रोजेक्ट से करीब 70 हजार लोगों को फायदा मिलेगा। साथ ही निगम सीमा में सीवरेज सिस्टम कवरेज 60.59% से बढ़कर 72.69% हो जाएगा। बता दें कि गत जून माह में यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल और पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कामों का शिलान्यास किया था। यह काम दो साल में पूरा होना है। बांसवाड़ा-सलूंबर जाने का यही प्रमुख रास्ता
सवीना रेलवे अंडर पास से सवीना चौराहे वाले मार्ग पर उदियापोल, रेती स्टैंड, पारस चौराहा, सेक्टर-4 से 6, तितरड़ी, सलूंबर और बांसवाड़ा जाने वाले वाहन गुजरते हैं। अभी वाहन रेलवे अंडरपास के पास स्थित मनवाखेड़ा रोड से होते हुए रेलवे पुलिया, विजय सिंह पथिक नगर रोड होते हुए सवीना चौराहे तक पहुंच रहे है। तीतरड़ी की तरफ से आने वाले वाहन इसी मार्ग से होते हुए शहर की तरफ जा रहे हैं।


