ससुराल में फंदे से लटकी मिली महिला:पीहर पक्ष ने कहा-मर्डर हुआ, पति के अवैध संबंध थे; पुलिस बोली-जांच कर रहे

बाड़मेर में एक महिला ने ससुराल में फंदे से लटकी मिली है। ससुराल वालों का कहना है कि महिला ने सुसाइड किया है। वहीं, पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए मर्डर का आरोप लगाया है। पीहर पक्ष का कहना है कि उनके दामाद के अवैध संबंध भी थे। घटना बाड़मेर के रीको थाना इलाके के बलदेव नगर में शनिवार सुबह करीब 10 बजे की है। मृतका खुशबू के ताऊ सांवताराम परमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। ASP नितेश आर्य ने बताया- बलदेव नगर मोहल्ला निवासी खुशबू (21) पत्नी खेताराम माली की मौत होने की सूचना मिलने पर हॉस्पिटल पहुंचे। वहां पर खुशबू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवा रही है। एएसपी नितेश आर्य ने कहा- महिला के ससुराल वालों का कहना है कि उसने घर की पहली मंजिल के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया, जबकि पीहर पक्ष के लोग मर्डर का आरोप लगा रहे हैं। मृतका के ताऊ सांवताराम परमाराम ने रिपोर्ट में बताया कि खुशबू की शादी 29 नवंबर 2023 को खेताराम माली पुत्र मोहन लाल के साथ हुई थी। शादी के 2-3 माह बाद से ससुर मोहनलाल, सास पाचीदेवी, ननद जसोदा और पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। सांवताराम ने कहा कि खुशबू के साथ कई बार मारपीट की गई और उसे घर से भी बाहर निकाला गया। पीहर में आने के बाद समाज के प्रबुद्धजनों ने उसके ससुरालवालों को समझाया था, जिसके बाद उसे वापस ससुराल ले गए। लेकिन ससुराल वालों ने टॉर्चर करना बंद नहीं किया। सांवताराम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि पिछले महीने 12 मार्च की रात करीब 11 बजे खुशबू का पति खेताराम किसी अन्य महिला के साथ था, जिस पर खुशबू ने एतराज किया तो पति, सास, ससुर और ननद ने उसके साथ मारपीट की थी। दहेज की मांग करने के साथ घर से बाहर निकाल दिया। पीहर में आने पर जानकारी सामने आई। 5 अप्रैल को ही समाज के लोगों ने समझाइश की, जिसमें ससुराल वालों ने उनकी गलती मानी थी। पुलिस बोली- मौत संदेहास्पद, जांच जारी
ASP नितेश आर्य ने कहा कि महिला की मौत कैसे हुई है, इस पर संदेह है। पीहर पक्ष ने सास, ससुर, पति और ननद पर मर्डर का आरोप लगाया है, हालांकि फिलहाल जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, मृतका हाउस वाइफ है और उसका पति कार ड्राइवर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *