जोधपुर में सस्ते प्लॉट और दुकान दिलाने के नाम पर सिक्योरिटी गार्ड से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर महामंदिर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। न्यू BJS कॉलोनी निवासी सिक्योरिटी गार्ड भागीरथ सिंह राठौड़ ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह करीब 3 साल से महामंदिर तीसरी पोल के बाहर रहने वाले अमित कुमार जैन को जानते हैं। परिचय का फायदा उठाते हुए अमित ने उन्हें सस्ते प्लॉट और दुकान दिलवाने का झांसा दिया।भागीरथ के अनुसार, अमित के कहने पर उन्होंने उसके परिचित जितेन्द्र कुमार दर्जी, निवासी शिक्षक नगर, माता का थान, को नकद और फोनपे के माध्यम से कुल 4 लाख रुपए दिए। इसके अलावा नरेंद्र कुमार के नाम से चल रहे एक बैंक लोन खाते में 6 लाख 10 हजार रुपए भी जमा करवाए। आरोप है कि रकम और बैंक लोन की किश्तें जमा कराने के बाद भी न तो उन्हें प्लॉट दिलवाया गया, न दुकान, और न ही दिए गए रुपए वापस लौटाए गए। कई बार पैसे मांगने पर भी तीनों ने सिर्फ टालमटोल की, जिस पर थकहार कर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


