राजगढ़ जिले के ब्यावरा सिटी थाने के निलंबित हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र मीणा के वॉट्सऐप चैट के स्क्रीन शॉट शुक्रवार देर रात सामने आए हैं। चैट में आगर मालवा के एक सीनियर अफसर के बारे में देवेंद्र ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। स्क्रीन शॉट के मुताबिक, देवेंद्र मीणा ने थाने के आधिकारिक वॉट्सऐप ग्रुप में एक फिल्म का लिंक शेयर किया था। लिखा था कि ‘इस तरह की मूवी देखकर ही मैंने आगर मालवा के आईपीएस सहित वरिष्ठ अधिकारियों की बेइज्जती की थी। देवेंद्र ने लिखा कि मैंने अपनी ताकत का इस्तेमाल कर इन अधिकारियों से माफी मंगवाई थी और इसके सबूत के तौर पर ऑडियो रिकॉर्डिंग भी है। मीणा ने यह आरोप भी लगाया कि ये अधिकारी एक एसआई के तलवे चाटते थे जो कि एक डकैत था। मीणा के कुछ अन्य चैट्स भी सामने आए हैं जिसमें वह कह रहा है मुझे मजाक मत समझना। हत्या करूंगा तो इतिहास रचूंगा। ऐसे इंसान को मौत के घाट उतारूंगा कि मेरा नाम चलेगा। वहीं, इस मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें देवेंद्र एचसीएम को मारने के लिए डंडा लेकर दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। हिंदुस्तान मेरा नाम याद रखेगा
शुक्रवार को राजगढ़ पुलिस ग्रुप की चैट के सामने आए स्क्रीनशॉट में देवेंद्र ने लिखा है ‘मैं नौकरी कर रहा हूं सिर्फ। बाकी मेरा दिमाग प्रेजेंट में नहीं है। मुझे लग रहा है किसी की हत्या करूंगा। यह बात फाइनल समझें। समय रिजल्ट देगा। यदि मैंने हत्या की तो ऐसे लोगों को मौत के घाट उतारूंगा, जो हिंदुस्तान मेरा नाम याद रखेगा। मैं बहुत दुखी हूं। अभी तक इस (गाली) घूस विभाग से न्याय नहीं मिला। मुझे मजाक मत समझना। एक दो नहीं, एक ही दिन में लाइन बिछा के मारूंगा’। धमकी भरा यह मैसेज देवेंद्र मीणा के नाम से भेजा गया है। उसने वॉट्सऐप मैसेज कर खुलेआम एसपी आदित्य मिश्रा और ब्यावरा टीआई वीरेंद्र धाकड़ को हत्या की धमकी दी। वीडियो में डंडा लिए दिखा देवेंद्र
निलंबित हवलदार देवेंद्र मीणा का शुक्रवार को सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिख रहा है कि वह बाइक से सिटी थाना परिसर में आता है। हाथ में डंडा लेकर किसी को मारने के लिए दौड़ रहा है। फुटेज जून-जुलाई का बताए जा रहा है। जानकारी के मुताबिक एचसीएम चंदन हरिऔध ने हवलदार मीणा की रात में ड्यूटी लगा दी थी। इसी पर वह डंडा लेकर एचसीएम को मारने के लिए आया था। हवलदार हरिओम ने इसकी शिकायत राजगढ़ एसपी कार्यालय में की थी, लेकिन तब हवलदार मीणा पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लिखा- ग्राम कुंजाखेड़ा सर्च कर लेना
देवेंद्र मीणा ने पिछले दिनों के एक चैट में किसी आरोपी के बारे में लिखा है। मैसेज में लिखा है कि ‘एक समय था सन 2007 में अपने पिता का बदला लेने के लिए तीन हत्या की थी, उस व्यक्ति को मेरे द्वारा हाजिर कराया गया था, जब मैं सिपाही नहीं था। वह बोलता था कि देवेंद्र मै हत्या करूंगा और आज मैं बोल रहा हूं, मैं हत्या करूंगा। उस व्यक्ति ने खुलेआम तीन को मौत के घाट उतारा था। उसे भी दुनिया पागल बोलती थी। आज मुझे पागल बोलती है, रिजल्ट वही आएगा ग्राम कुंजाखेड़ा सर्च कर लेना। मैसेज में फिल्म सिंघम का जिक्र
हवलदार के नाम से एक अन्य वॉट्सऐप चैट में फिल्म सिंघम का जिक्र करते हुए लिखा है, इस तरह की कुछ मूवी देखकर ही मैंने आगर मालवा के आईपीएस सहित वरिष्ठ अधिकारियों की बेइज्जती की थी। कैप बेल्ट निकालकर डाल दिए थे चैंबर में। 4 दिन बाद वापस लेकर आया। वापस तब लाया, जब इन्होंने मेरे से माफी मांगी। साथी पुलिसकर्मी ने जताई आपत्ति
इस पोस्ट पर थाने के कर्मचारियों ने सवाल उठाया और आपत्ति जताई, तो हवलदार देवेंद्र मीणा ने जवाब दिया, ‘यह मेरा अपना थाना ग्रुप है और अब मैं इसे ऑल हिंदुस्तान के ग्रुप में भी लिख रहा हूं, वहां और भी ज्यादा लिखूंगा।’ इस मामले में ब्यावरा एसडीओपी नेहा गौर ने कहा- हवलदार की प्राथमिक जांच के संबंध में मुझे अभी एसपी कार्यालय से आदेश मिला नहीं है। जांच की जाएगी। हवलदार पर एफआईआर और गिरफ्तारी के लिए मैं दिखवाती हूं। मीणा ने कहा था- मुझे प्रताड़ित किया
देवेंद्र मीणा जब अपना इस्तीफा देने गए थे उसके पहले दैनिक भास्कर ने उनसे बात की थी, मीणा ने भास्कर को बताया कि अगर मेरा निकाल नहीं हुआ तो.. मैं किसी भी एंगल पर जा सकता हूं। कुछ भी कर सकता हूं। मैं धमका नहीं रहा हूं, मुझे तो प्रताड़ित किया जा रहा है। मेरा तो सर्विस रिकॉर्ड देखो, कितनी बार मुझे प्रताड़ित किया गया। आज मैं ASI होता। जब भी मुझे सजा दी गई है, झूठी दी गई है। कई बार तो ऐसी सजाएं दी गई हैं, जिसमें शिकायतकर्ता ही नहीं था। खुद ने ही शिकायतकर्ता के साइन कर लिए और मुझे सजा दे दी, ये कौन सा तरीका है। इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- सस्पेंड हवलदार की राजगढ़ एसपी को धमकी- बदला लूंगा राजगढ़ एसपी को मारने की धमकी देने वाले सस्पेंड हेड कॉन्स्टेबल का एक वीडियो सामने आया है। उसने ये वीडियो अपने बच्चों के साथ बनाया है। हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र मीणा ने बुधवार रात सोशल मीडिया पर ये वीडियो शेयर किया। इससे पहले 10 दिसंबर को एसपी आदित्य मिश्रा और टीआई से वॉट्सएप पर कहा था- अपने परिवार सुरक्षित कर लेना। बदला लूंगा। पढ़ें पूरी खबर…


