एमपी के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को भोपाल में सहकारी बैंकों की खराब आर्थिक स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर कमलनाथ सरकार की किसान कर्जमाफी को जिम्मेदार बताया था। सारंग ने कहा था- 15 महीने की कांग्रेस सरकार में किसानों के ऋण माफी की फर्जी योजना लागू की गई। उसने सीधा प्रभाव हमारी पैक्स और बैंक पर डाला। उससे हमारी व्यवस्थाएं खराब हुई हैं, लेकिन ये डॉ. मोहन यादव की सरकार है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि अगले दो वर्षों में हम संपूर्ण बैंकों को सुचारू कर देंगे। कमलनाथ ने आंकडे़ जारी कर किया पलटवार
सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के बयान पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने कर्जमाफी के जिलेवार आंकड़े शेयर करते हुए पलटवार किया।
कमलनाथ ने एक्स पर लिखा- किसानों के साथ रात-दिन धोखा करने वाली भाजपा सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने मेरी सरकार के दौरान हुई किसान कर्ज माफी को लेकर सरासर झूठ बोला है। इस झूठ के लिए उन्हें मध्य प्रदेश की जनता और किसान भाइयों से माफी मांगनी चाहिए। मैंने शपथ लेते ही किसानों की कर्जमाफी की
कमलनाथ ने आगे लिखा सच्चाई यह है कि कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री की शपथ लेते ही मैंने सबसे पहला काम किसानों की कर्जमाफी का किया था। कांग्रेस सरकार ने दो चरणों में 26, 95, 381 (लगभग 27 लाख) किसानों का 11,646.96 करोड़ रुपया का कर्ज माफ किया। किस जिले में कितने किसानों का कितना कर्ज माफ किया गया, इसकी सूची है। बीजेपी सरकार नहीं गिराती तो बाकी किसानों का कर्ज माफ हो जाता
पूर्व सीएम ने लिखा- अगर भारतीय जनता पार्टी छलपूर्वक कांग्रेस की सरकार गिराकर अपनी सरकार नहीं बनाती तो प्रदेश के बाकी किसानों का कर्ज भी माफ कर दिया जाता।
बेहतर होगा झूठ और फरेब से प्रदेश की जनता को भ्रमित करने के बजाय भाजपा किसानों से किए गए वे वादे निभाए जो उसने चुनाव के समय किए थे। झूठे दावों के बजाय किसानों के कल्याण पर ध्यान दे सरकार
कमलनाथ ने आगे लिखा- गेहूं और धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य का जो वादा भाजपा ने किया था, उसे आज तक पूरा नहीं किया है। प्रदेश के किसानों की आमदनी घटती जा रही है। रबी हो या खरीफ दोनों सीजन में प्रदेश का किसान खाद के लिए बुरी तरह परेशान है।
बेहतर होगा कि झूठे दावे करने की बजाय भाजपा सरकार किसानों के कल्याण पर ध्यान दे और अगर वाकई कर्जमाफी के प्रति उसकी कोई संवेदनशीलता है तो प्रदेश के सभी किसानों का कर्ज तत्काल माफ करे। अंत में सारंग का पूरा बयान पढ़िए… सहकारी बैंकों की खराब आर्थिक स्थिति को लेकर सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: ये बात सही है कि हमारे कुछ बैंक खराब स्थिति में हैं। विगत दो वर्षों में हमने बैंकों की स्थिति बहुत अच्छी करने की कोशिश की। और मैं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को बहुत धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने पिछले साल हमें 300 करोड़ रुपए सरकार की ओर से दिए। उस 300 करोड़ की जो राशि मिली उससे हमने 6 बैंकों को 50-50 करोड़ रुपए सहायता राशि दी।
हमने उन 6 बैंकों को अकेले राशि नहीं दी बल्कि संपूर्ण संचालन की व्यवस्था बनाई। एक साल में हमारे जो मापदंड थे वो पूरे लागू हुए। ये जो बैंक खराब स्थिति में आए ये पॉलिटिकल विषय नहीं हैं लेकिन कहते हुए मुझे कोई संकोच नहीं हैं कि 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने किसानों के ऋण माफी की फर्जी योजना लागू की, उसका सीधा प्रभाव हमारी पैक्स और बैंक पर डाला। उसके कारण हमारी व्यवस्थाएं खराब हुई हैं। लेकिन ये डॉक्टर मोहन यादव की सरकार है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि अगले दो वर्षों में हम संपूर्ण बैंकों को सुचारू कर देंगे।


