सरगुजा जिले के सीतापुर के भूसू सहकारी समिति में नकली यूरिया मिला है। सीतापुर एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासनिक और कृषि विभाग की टीम ने समिति में यूरिया की जांच की, तो 2 हजार 800 से अधिक बोरों में बिना कंपनी के लेबल का यूरिया भंडारित मिला। प्रथम दृष्टया इसे नकली मानकर जब्त कर लिया गया है। सहकारी समितियों तक बिना लेबल का यूरिया कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, भूसू सहकारी समिति में मिलने वाले यूरिया के बोरों में निर्माता कंपनी का लेबल नहीं मिलने पर किसानों को शक हुआ, तो इसकी शिकायत प्रशासनिक अमले से की गई थी। शनिवार को सीतापुर एसडीएम नीरज कौशिक के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं कृषि विभाग का दल जांच के लिए पहुंचा। सहकारी समिति में बिना लेबल के यूरिया को प्रथम दृष्टया नकली मानकर जब्त किया गया है। DMO के माध्यम से भेजा गया था यूरिया भूसू समिति में यूरिया का स्टॉक DMO के माध्यम से भेजा गया था। यूरिया HURL कंपनी यूरिया बनाती है। एसडीएम नीरज कौशिक ने बताया कि, यूरिया के बोरे में लेबल नहीं था। कंपनी यूरिया के बोरों में लेबल लगाती है। प्रथम दृष्टया इसे अमानक माना गया है। यूरिया का सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है। बतौली में दो दुकानदारों को नोटिस कृषि विभाग की जिला स्तरीय टीम ने विकासखंड बतौली के कई निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बगीचा रोड स्थित मेसर्स धनंजय कृषि सेवा केन्द्र और मेन रोड, बतौली स्थित सुबोध कृषि सेवा केन्द्र में उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के उल्लंघन की पुष्टि हुई। दोनों प्रतिष्ठानों ने अनियमित रूप से उर्वरक विक्रय किए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही विक्रय पर प्रतिबंध लगाते हुए उर्वरकों को जब्त करने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई में सहायक संचालक कृषि अभिषेक झा, कृषि विकास अधिकारी जे. आलम, कृपा शंकर यादव सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे। ओरिजिनल खाद से छेड़छाड़ की आशंका सरगुजा में सूरजपुर के विश्रामपुर से खाद रैक के माध्यम से पहुंचती है। यहां से खाद समितियों में भेजा जाता है। सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर की पहल पर सूरजपुर के जयनगर में नकली और मिलावटी खाद बनाने वाले व्यवसायी के गोदामों में छापेमारी की गई थी। रैक प्वाइंट से निकली ट्रक भी दूसरे दिन अंबिकापुर के पास के समितियों में पहुंची थीं। ओरिजिनल खाद की जगह मिलावटी खाद समितियों में पहुंचाए जाने की आशंका पर सरगुजा कलेक्टर समितियों के खाद की जांच भी करा रहे हैं। भूसू समिति में संदिग्ध यूरिया मिलने के बाद इसकी जांच की जाएगी। अवकाश के दिन भी बांटे जाएंगे खाद सरगुजा कलेक्टर और प्राधिकृत अधिकारी विलास भोसकर ने सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़ के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित के समस्त समिति प्रबंधकों को पत्र जारी कर अवकाश के दिनों में समितियां खुली रखने निर्देश दिया है। जारी आदेशानुसार समितियां हर दिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक, शनिवार, रविवार और अवकाश के दिनों में भी खुली रहेंगी। कृषकों को बीज वितरण करेंगे।


