राजनांदगांव| जिले के लिए यह गर्व का क्षण है जब जिले की सहकारी समिति सुरगी ने क्षेत्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और सहकारी मूल्यों के सफल क्रियान्वयन से पहचान बनाई है। छत्तीसगढ़ सहकारी विकास निगम क्षेत्रीय निदेशालय रायपुर द्वारा आयोजित क्षेत्रीय सहकारी उत्कृष्ट एवं मेरिट पुरस्कार 2025 में समिति ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। समारोह में राजनांदगांव जिले की सहकारी समिति सुरगी को द्वितीय स्थान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहकारिता सचिव एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं, रायपुर की उपस्थिति में संस्था प्रबंधक जितेंद्र चंद्राकर को 25,000 का चेक एवं प्रतीक चिन्ह पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया। समिति के कृषकों ने इस उपलब्धि के लिए प्राधिकृत अधिकारी लीलाधर साहू, संस्था प्रबंधक जितेंद्र चंद्राकर, दुष्यंत पटेल, प्रेम पटेल, नीरज साहू सहित समिति से जुड़े सभी कर्मचारियों एवं सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


