रायसेन जिले में स्थित विश्व धरोहर सांची में भारतीय सेना ने एक दिवसीय हॉट एयर बैलून फेस्टिवल का आयोजन किया। गुरुवार को शुरू हुए इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना था। सुबह 7 बजे स्तूप के पास हॉट एयर बैलून उड़ाए गए, जो जमीन से 500 फीट की ऊंचाई तक पहुंचे। इस नजारे को देखने के लिए स्थानीय युवाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित थे। भारतीय सेना ने सांची को इस आयोजन के लिए इसलिए चुना क्योंकि यह एक विश्व पर्यटन स्थल है, जहां देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। लेफ्टिनेंट कर्नल ने बताया कि सांची एक विश्व धरोहर है और यहां सभी धर्मों व देशों के नागरिक स्तूप देखने आते हैं। यहां हॉट एयर बैलून उड़ाना सेना की नियमित गतिविधियों से हटकर है, जिसका उद्देश्य युवाओं को सेना में आने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर एसडीएम मनीष शर्मा भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि सांची में भारतीय सेना द्वारा हर वर्ष एक दिवसीय हॉट एयर बैलून फेस्टिवल का आयोजन किया जाता है। इस साल भी युवाओं और ग्रामीणों ने इस फेस्टिवल में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसका आनंद लिया।


