सांदीपनी स्कूल महेश्वर प्रदेश स्तर पर रही प्रथम

भास्कर संवाददाता | खरगोन मप्र पर्यटन विभाग द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में खरगोन जिले ने प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। जिला स्तर से चयनित सांदीपनी स्कूल महेश्वर की टीम ने राजधानी भोपाल के मिंटो हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अव्वल स्थान प्राप्त किया। सांदीपनी स्कूल महेश्वर की विजेता टीम में मयंक रावल, अंकिता रावल और श्रद्धा मालवीय शामिल थे। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के हर चरण में आत्मविश्वास और विषय की गहरी समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिता के पहले चरण में प्रदेश के 53 जिलों से चयनित 159 स्कूली विद्यार्थियों ने लिखित परीक्षा में सहभागिता की। इस चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सांदीपनी स्कूल की टीम प्रदेश की शीर्ष छह टीमों में शामिल हुई। द्वितीय चरण में आयोजित मल्टीमीडिया राउंड प्रतियोगिता का सबसे चुनौतीपूर्ण चरण रहा। इसमें कुल 10 राउंड में ऑडियो और वीडियो आधारित प्रश्न पूछे गए, जो मप्र के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, वन संपदा, राष्ट्रीय उद्यानों और भौगोलिक विशेषताओं से संबंधित थे। इन सभी राउंड में सांदीपनी स्कूल की टीम ने सटीक और तेज उत्तर देकर कुल 130 अंक अर्जित किए और प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान नूतन बाल विद्या मंदिर सीहोर व तृतीय स्थान निवाड़ी जिले के शाउमावि तारीचर कलां की टीम ने हासिल किया। पर्यटन क्विज के नोडल अधिकारी अमझरे ने बताया कि प्रतियोगिता की ट्रॉफी एक वर्ष तक सम्मान स्वरूप खरगोन जिले में रखी जाएगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 से (कोविड वर्ष 2020 व 2021 को छोड़कर) लगातार आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता से अब तक 20 लाख से अधिक विद्यार्थी जुड़ चुके हैं। इस वर्ष प्रदेशभर से 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की, जिनमें से प्रदेश में पहली बार जिले से कोई टीम विजेता बनी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *