सांसद खेल महोत्सव 2025 के चौथे और अंतिम चरण में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पाटन, अहिवारा, भिलाई नगर, वैशाली नगर, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, नवागढ़, साजा और बेमेतरा विधानसभा के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आज दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में इसका समापन किया जाएगा। इस चरण में कुल 1569 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के बीच वालीबॉल, कबड्डी, खो-खो और एथलेटिक्स समेत विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनके पहले दिन अधिकांश मुकाबलों के नतीजे घोषित हो गए। 4 लाख से ज्यादा युवाओं ने कराया है पंजीयन
सांसद खेल महोत्सव के तहत दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से पूरे देश में सबसे अधिक 4 लाख 98 हजार 2 युवाओं ने पंजीयन कराया था। प्रतियोगिता तीन चरणों में विधानसभा स्तर पर आयोजित की गई, जिसके बाद चौथे चरण में सभी विधानसभा के विजेता खिलाड़ी आमने-सामने हैं। प्रतियोगिता 9 से 15 वर्ष, 16 से 30 वर्ष और 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में महिला और पुरुष वर्ग के लिए आयोजित की गई। खो-खो में जीती पाटन विधानसभा
खो-खो प्रतियोगिता में 9 से 15 वर्ष बालक एवं बालिका वर्ग में पाटन की टीम ने जीत दर्ज की। वहीं 15 से 30 वर्ष और 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में दुर्ग ग्रामीण की टीम विजेता रही। वालीबॉल में 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में भिलाई नगर की टीम अव्वल रही। 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला वर्ग में वैशाली नगर और 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग पुरुष में बेमेतरा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दुर्ग स्टेडियम में आज अंतिम कार्यक्रम, पीएम मोदी होंगे लाइव
गुरुवार को दुर्ग स्टेडियम में आयोजित समापन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के युवाओं को प्रोत्साहित करेंगे। सांसद खेल महोत्सव के अंतिम चरण में एक भव्य रैली निकाली जाएगी। पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती के अवसर पर दुर्ग स्थित रविशंकर स्टेडियम में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा, जिसमें विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। लोकसभा स्तर पर विजयी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त करेंगे। इन खेलों में आयोजित हुईं प्रतियोगिताएं
दुर्ग शहर में रविशंकर स्टेडियम और महात्मा गांधी स्कूल परिसर में भी सांसद खेल महोत्सव के चौथे चरण के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिसमें 100 और 400 मीटर दौड़, गेड़ी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, कुर्सी दौड़, वालीबॉल, कबड्डी और खो-खो शामिल रहा।


