21 सितंबर से रांची में चल रहे सांसद खेल महोत्सव का गुरुवार को ओटीसी ग्राउंड में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन संबोधित किया। इस अवसर पर छऊ और पाइका की पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी रंगारंग बना दिया। 25 दिसंबर का यह दिन भारतीय खेल जगत के लिए ऐतिहासिक बन गया, जब खेल संस्कृति को नई ऊर्जा और दिशा मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि खेल में कोई हारता नहीं, या तो जीतता है या कुछ सीखता है। उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया खेलिए, खिलिए और खिलखिलाते रहिए। संजय सेठ ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त माध्यम है। कहा कि फुटबॉल में 147 टीमें, वुशु में 225, आर्चरी में 190, लॉन बॉल में 33, कबड्डी में 60 टीमें और एथलेटिक्स में 340 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इधर, समापन समारोह में तीन महीने तक चले विभिन्न खेलों के विजेताओं को मेडल और पुरस्कार प्रदान किए गए।


