सांसद चौधरी ने दुकानों पर जीएसटी बचत स्टिकर लगाए:भाजपा ने व्यापारियों, उपभोक्ताओं को स्वदेशी अपनाने प्रेरित किया

जालोर-सिरोही के सांसद लुंबाराम चौधरी ने जीएसटी सुधारों को एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह नया कर ढांचा उपभोक्ताओं को सशक्त करेगा और देश की राजकोषीय व्यवस्था को मजबूत बनाएगा। शनिवार को भाजपा नगर मंडल सिरोही द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सांसद चौधरी ने हिस्सा लिया। सांसद और कार्यकर्ताओं ने सिरोही के सदर बाजार में जन जागरण अभियान चलाकर प्रतिष्ठानों पर जीएसटी बचत उत्सव से संबंधित स्टिकर लगाए। इस दौरान उन्होंने जीएसटी सुधारों की जानकारी साझा की। साथ ही, उपभोक्ताओं और व्यापारियों को इन सुधारों से होने वाले लाभों के बारे में बताया और सभी को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यकर्ताओं ने जीएसटी सुधार को छोटे व्यापारियों और उपभोक्ताओं के लिए केंद्र की भाजपा सरकार का राहत भरा ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह सुधार महंगाई कम करने और अर्थव्यवस्था मजबूत करने में मदद करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू किया गया जीएसटी 2.0 भारत की कर व्यवस्था में एक ऐतिहासिक बदलाव है। इससे आमजन, कृषक और व्यापारी वर्ग को बड़ी राहत मिली है। जीएसटी के चार स्लैब्स में किए गए क्रांतिकारी परिवर्तनों से जनता त्योहारों से पहले ही उत्सव जैसा उत्साह महसूस कर रही है। इससे बाजार में रौनक का माहौल बना है। इस अवसर पर सांसद चौधरी ने व्यापारियों और आमजन के साथ जीएसटी बचत उत्सव मनाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी की दरें कम करने के साथ ही इसे सिर्फ दो स्लैब में रखकर आमजन को राहत दी है। चौधरी ने व्यापारी वर्ग से आह्वान किया कि वे जीएसटी दरों में कमी का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि रोजमर्रा की वस्तुओं और सेवाओं के दाम कम होने से सभी को बचत होगी, जिससे वे अपने बच्चों के भविष्य और बेहतर शिक्षा पर अधिक खर्च कर पाएंगे। भाजपा नगर मंडल सिरोही ने ‘जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म’ अभियान के तहत जागरूकता फैलाई। इस दौरान व्यापारियों व उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया गया कि केंद्र और प्रदेश सरकार उनके हित में काम कर रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *