करौली के कैलादेवी क्षेत्र में बाल श्रम और भिक्षावृत्ति रोकने के लिए एक संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान बाजार में दुकानों का निरीक्षण कर दुकानदारों से शपथ पत्र भरवाए गए कि वे 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से काम नहीं करवाएंगे। अभियान में करीब 12 बच्चों की पहचान हुई, जो श्रम या भिक्षावृत्ति में शामिल थे। उनके माता-पिता को मौके पर ही पाबंद कर बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। यह कार्रवाई जिला बाल कल्याण समिति, पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय कैलादेवी, चाइल्ड लाइन और स्थानीय एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में की गई। टीम ने दुकानदारों को बाल श्रम संबंधी कानूनी प्रावधानों और संभावित दंड की जानकारी भी दी। पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय की प्रतिनिधि मीना मीना ने बच्चों और परिवारों को बाल अधिकारों तथा कानूनी सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। अभियान में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल शर्मा, सदस्य फैजल अहमद, दिलीप कुमार मीना, महिला सदस्य फरीदा शाह, चाइल्डलाइन प्रभारी भीकम सिंह, सहायक उप निरीक्षक गोविंद सिंह, महिला कांस्टेबल संती देवी, और एनजीओ प्रतिनिधि प्रेरणा धाबाई व कविता मौजूद रहे। टीम ने क्षेत्र में बाल संरक्षण को लेकर आगे भी निगरानी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।


