देशभर के 23 हजार वंचित गांव BSNL 4G से जुड़े:गंगानगर-हनुमानगढ़ में 170 नए टावरों से मिलेगा लाभ

भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की स्वदेशी 4जी सेवाओं का शुभारंभ शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर हनुमानगढ़ जिले के गांव 19 एलएलडब्ल्यू में स्थापित नए टॉवर का लोकार्पण किया गया। स्थानीय विधायक गणेशराज बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण इस समारोह के साक्षी बने। बीएसएनएल गंगानगर के महाप्रबंधक एलसी सहारण ने बताया कि भारत दुनिया का पांचवां ऐसा देश बन गया है, जिसने अपनी तकनीक से 4जी सेवाओं का विकास किया है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। ये सेवाएं पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक पर आधारित हैं और इनका उद्देश्य दूरस्थ तथा वंचित गांवों तक आधुनिक संचार सेवाएं पहुंचाना है। सहारण ने जानकारी दी कि देश भर में कुल एक लाख नए टॉवर स्थापित किए गए हैं। इनमें से 23 हजार ऐसे गांव हैं, जहां पहले किसी भी ऑपरेटर का नेटवर्क उपलब्ध नहीं था। अब इन गांवों को भी बीएसएनएल नेटवर्क से जोड़ा गया है, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। गंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में कुल 170 नए टॉवर लगाए गए हैं। इनमें गंगानगर जिले में 96 और हनुमानगढ़ जिले में 74 टॉवर शामिल हैं। ये सभी टॉवर विशेष रूप से उन गांवों में स्थापित किए गए हैं, जहां अब तक नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं थी। वर्तमान में, बीएसएनएल द्वारा 2जी और 3जी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से 4जी में अपग्रेड किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत हनुमानगढ़ और गंगानगर दोनों जिलों के ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों में नेटवर्क संबंधी समस्याओं को दूर किया जाएगा। स्थानीय विधायक गणेशराज बंसल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन को मजबूत बनाने की दिशा में बीएसएनएल ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्वदेशी तकनीक से तैयार की गई 4जी सेवाएं न केवल ग्रामीणों को तेज इंटरनेट सुविधा प्रदान करेंगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार जैसे क्षेत्रों में भी नए अवसर पैदा करेंगी। समारोह में उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि अब बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आसानी होगी। साथ ही किसान अपने कृषि कार्यों में तकनीकी सहयोग लेने में सक्षम होंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने एक साथ देशव्यापी रूप से बीएसएनएल की 4जी सेवाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर देशभर के लाखों ग्रामीण सीधे तौर पर इस डिजिटल क्रांति से जुड़े।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *