सवाई माधोपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने सायबर ठगी के मामले में बैंक खाता किराये पर उपलब्ध कराने वाले वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार मीणा (19) पुत्र नाथूलाल मीणा निवासी आदलवाड़ा कलां, थाना चौथ का बरवाड़ा, जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है। इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर ठगी करने वालों खाता किराए पर देता था कोतवाली थानाधिकारी हरलाल सिंह मीणा ने बताया कि SP अनिल कुमार बेनीवाल के निर्देशन में, ASP रामकुमार कस्वां व CO सिटी उदय सिंह मीणा के सुपरविजन और थानाधिकारी कोतवाली हरलाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी मीणा ने बताया कि एक मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी रिंकू मीणा ने पूछताछ में बताया था कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से शेयर मार्केट इन्वेस्टमेंट व डबलिंग स्कीम के नाम पर लोगों से सायबर ठगी करता था। ठगी की रकम वह अपने मित्र मनीष मीणा के बैंक खाते में डलवाता था। इस पर पुलिस ने मनीष की तलाश शुरू की। आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देता रहा। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी मनीष मीणा से सायबर फ्रॉड में प्रयुक्त बैंक अकाउंट्स और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को लेकर पूछताछ जारी है। थानाधिकारी मीणा ने बताया कि आगामी समय में भी सायबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।


