मंडला शहर के झंकार भवन में रोटरी क्लब मंडला मेकल का पदस्थापना समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा और कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके शामिल हुए। इस मौके पर सांसद तन्खा ने मंडला जिला अस्पताल के लिए लिफ्ट और शव वाहन देने की घोषणा की। जिला अस्पताल के लिए 10 लाख रुपए की स्वीकृति राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने जिला अस्पताल में लिफ्ट लगाने के लिए 10 लाख रुपए का स्वीकृति पत्र सौंपा। साथ ही उन्होंने अस्पताल को एक शव वाहन भी प्रदान किया। इससे मरीजों और उनके परिजनों को सुविधा मिलेगी। वहीं कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने जिला अस्पताल में लिफ्ट स्थापना के लिए शेष राशि उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। कैंसर जांच के लिए डायग्नोस्टिक वैन की पहल सांसद तन्खा ने बताया कि मंडला में महिलाओं के लिए सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए एक जांच वाहन उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे समय पर जांच और इलाज में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों का सम्मान, प्रोत्साहन राशि की घोषणा समारोह के दौरान प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सांसद तन्खा ने विधि के विद्यार्थियों को संविधान की पुस्तकें भेंट कीं। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। बोले- महिलाएं अधिक जिम्मेदार और मेहनती होती हैं महिला आरक्षण पर बात करते हुए सांसद तन्खा ने कहा कि शिक्षा बढ़ने से महिलाओं का प्रदर्शन बेहतर हो रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अधिक जिम्मेदार और मेहनती होती हैं और आने वाले समय में उनकी भागीदारी और बढ़ेगी। यह रहे मौजूद कार्यक्रम में कलेक्टर सोमेश मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले, रोटरी क्लब अध्यक्ष प्रसन्न सराफ सहित रोटरी क्लब के सदस्य और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


